कोडरमा: सावन के पवित्र महीने में बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवर लेकर धार्मिक यात्राओं पर निकलते हैं. इसी क्रम में देवघर से नेपाल जा रही कांवरियों से भरी एक बस सतगावां थाना क्षेत्र के देवघर-नवादा मुख्य मार्ग स्थित पोखरडीहा मोड़ के पास हादसे का शिकार हो गई. हादसे में एक बच्चे सहित 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए है. गंभीर रूप से घायल सभी कांवरियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया है जहां सभी का इलाज चल रहा है.जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले नेपाल से कांवरियों को लेकर एक बस देवघर गई थी. गुरुवार की रात बस बासुकीनाथ से खुलकर राजगीर (बिहार) के लिए रवाना हुई थी. (नीचे भी पढ़े)

शुक्रवार की अहले सुबह सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास बस चालक को झपकी आ गई. इसके कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. बस में सवार कांवरिया अंदर ही फंस गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य में जुट गए.घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे कांवरियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया. घंटों चले राहत और बचाव कार्य के बाद सभी कांवरियों को बस से बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी घायलों और बस में सवार अन्य कांवरियों को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कांवरियों को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया.




