जादूगोड़ा : पोटका प्रखंड अंतर्गत आसनबनी पंचायत के वीरगांव ग्राम (जादूगोड़ा) में विश्व हिंदू परिषद, जमशेदपुर (धर्म प्रसार) व वसुधा सारथी ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार को महिला स्वावलंबन केंद्र की शुरुआत की गई. ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, हुनरमंद एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू केंद्र का उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि, महिला नेत्री दुखनी सोरेन, डॉ सुंदर लाल मार्डी व अजय कुमार ने नारियल फोड़ कर किया. पूर्व मुख्यमत्री चंपई सोरेन की पुत्री दुखनी सोरेन व अजय कुमार ने इस संबंध में कहा कि विश्व हिंदू परिषद् के जमशेदपुर प्रमुख ठाकुर विवेक सिंह द्वारा रक्षाबंधन के मौके पर विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से यह केंद्र शुरू किया गया है, ताकि ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप आत्मनिर्भर बन सकें. (नीचे भी पढ़ें)
पहले चरण में वीरगांव की सात महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा. बाद में यह क्रम आगे बढ़ता जाएगा. जरूरत पड़ी तो मशीनों की संख्या और बढ़ाई जाएगी. उन्होंने कहा कि यहां की महिलाओं को सिलाई से लेकर कटिंग तक का प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकें व उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रोत्साहित किया सके. इसके बाद राखा माइंस रेलवे स्टेशन में इस तरह का प्रशिक्षण अभियान चलाया जाएगा. इस कार्यक्रम में वीरग्राम के ग्राम प्रधान डॉ सुंदर लाल दास, विश्व हिंदू परिषद की अरुणा सारंगी, साई पद्मजा, ज्ञान प्रकाश, अजय कुमार, रंजन कुमार, शुभम भगत, मनसा मंडल ,वसुधा सारथी के प्रमुख पदाधिकारी सह प्रशिक्षु दशमी गोप, ललिता गोप, सरस्वती, देवी सुप्रीति, सोनिया गोप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं.







