जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह स्थित ग्रामीण बैंक के पास पीएनबी एटीएम के समीप मंगलवार रात बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना से इलाके में दहशत फैल गई. घटना के बाद एक बार फिर कीताडीह में गैंगवार की आशंका जताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार, फायरिंग का निशाना एलबीएसएम रोड निवासी गबरू नामक एक टेंपो चालक था. बताया जा रहा है कि फायरिंग की घटना के बाद गबरू वहां से भाग निकला. वहीं, कुछ देर बाद उसका टेंपो भी घटनास्थल से गायब पाया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग की घटना में नेहाल तिवारी का नाम सामने आ रहा है. नेहाल पर पहले भी चर्चित रवि यादव पर हमला करने का आरोप लग चुका है. बताया जा रहा है कि उसके पिता संतोष तिवारी को एक दिन पहले ही पुराने वांछित वारंट के मामले में जेल भेजा गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फायरिंग की घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर सकती है. हालांकि, पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.




