जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के बोड़ाम बाजार और बारियादा गांव में दुकानों की एस्बेस्टस की छत काटकर लाखों रुपये की संपत्ति की चोरी कर लिए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने चोरी का मोबाइल खरीदने के आरोप में पुरुलिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी मकबूल अंसारी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया. वहीं, पांच अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्ध पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और बलरामपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस ने उनके पास से कई मोबाइल फोन और आभूषण बरामद किए हैं. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि कुछ युवकों से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा और संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों को जेल भेजा जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
बताते हैं कि 3 अगस्त की रात बोड़ाम बाजार स्थित एक आभूषण दुकान और बाजार से करीब पांच किलोमीटर दूर बारियादा गांव की मोबाइल दुकान की एस्बेस्टस की छत काटकर चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया था. इसके बाद 11 अगस्त की रात भादूडीह वन विभाग के चेकनाका के समीप टाटा-पटमदा मुख्य सड़क किनारे स्थित एक जनरल स्टोर में भी एस्बेस्टस की छत काटकर करीब एक लाख रुपये के सामान की चोरी कर ली गई थी. करीब दस दिनों के भीतर तीन दुकानों में चोरी की घटनाओं ने पुलिस के समक्ष चुनौती खड़ी कर दी थी. अब पहले मामले में गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस को अन्य घटनाओं के भी उद्भेदन की उम्मीद है.







