जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह आगामी 8 सितंबर को बिष्टुपुर स्थित एक्सएलआरआई परिसर में आयोजित किया जाएगा. समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे. दीक्षांत समारोह में कुल 2200 छात्राओं को डिग्री प्रदान की जाएगी, जबकि 53 टॉपर छात्राओं को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा एक छात्रा को चांसलर मेडल भी दिया जाएगा. सिदगोड़ा स्थित जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी कैंपस के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वाइस चांसलर प्रोफेसर इला कुमार ने बताया कि दो छात्राओं को रेखा झा मेमोरियल मेडल से सम्मानित किया जाएगा. इस सम्मान के तहत छात्राओं को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि राज्यपाल का मिनट-टु-मिनट कार्यक्रम प्राप्त हो गया है. दीक्षांत समारोह दोपहर 12 बजे शुरू होगा और राज्यपाल करीब 1:30 बजे तक समारोह में मौजूद रहेंगे. इसके बाद वे सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगे. एक्सएलआरआई हॉल की सीमित बैठने की क्षमता को देखते हुए एक समय में करीब 1100 छात्राओं को समारोह में शामिल किया जाएगा. राज्यपाल के प्रस्थान के बाद शेष छात्राओं को हॉल में बुलाकर डिग्री प्रदान की जाएगी. परीक्षा नियंत्रक डॉ रमा सुब्रमण्यम ने बताया कि इस वर्ष डिग्री प्राप्त करने वाली छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से गाउन और अंगवस्त्र दिया जाएगा. छात्राएं अंगवस्त्र अपने साथ घर ले जा सकेंगी, जबकि गाउन समारोह के बाद वापस करना होगा.















