आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित जीजीएसपीएल कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर में शुक्रवार को धूमधाम, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ के साथ शिक्षक दिवस मनाया गया. आयोजित समारोह में संस्थान की विभिन्न शाखाओं से करीब 1500 से 2000 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार प्रदर्शित किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया. वहीं ‘सनी भांगड़ा ग्रुप’ की शानदार भांगड़ा प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह का माहौल तैयार कर दिया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू उपस्थित रहे. संस्थान के निदेशक सरदार गुरप्रीत सिंह सेहरा के आमंत्रण पर पहुंचे मुख्य अतिथि ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं. (नीचे भी पढ़ें)

अपने संबोधन में ज्योति सिंह मथारू ने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में स्कूली शिक्षा के साथ-साथ कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित आधुनिक शिक्षा युवाओं के लिए बेहद आवश्यक हो गई है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर, सरायकेला और आदित्यपुर में लगभग सात केंद्रों के माध्यम से तकनीकी शिक्षा का प्रसार कर रहा जीजीएसपीआइ आनेवाले समय में झारखंड के प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल होगा. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने संस्थान की सामाजिक पहल की भी सराहना की, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर पांच जरूरतमंद बच्चों को प्रत्येक माह निःशुल्क आधुनिक कंप्यूटर और AI शिक्षा प्रदान की जाएगी.















