गिरिडीह : झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, खेलकूद एवं कला-संस्कृति, पर्यटन तथा युवा कार्य विभाग के मंत्री,सुदिव्य कुमार का निधन 06 सितंबर 2026 को प्रातः मर्सी अस्पताल, गिरिडीह में हो गया. मंत्री के निधन पर राज्य सरकार द्वारा 06 एवं 07 सितंबर 2026 को दो दिवसीय राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया गया है. राजकीय शोक की अवधि में राज्य के उन सभी सरकारी भवनों, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे. इस अवधि में किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा. राज्य सरकार द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि 07 सितंबर 2026 को राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे. संबंधित कार्यालयों एवं संस्थानों द्वारा इस संबंध में आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)

वहीं दिवंगत मंत्री, सुदिव्य कुमार की अंत्येष्टि 06 सितंबर को अपराह्न 03:30 बजे गिरिडीह स्थित उसरी नदी–हरसिंहरायडीह श्मशान घाट में की जाएगी. राज्य सरकार द्वारा उनकी अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ संपन्न कराने का निर्णय लिया गया है.अंत्येष्टि कार्यक्रम को राजकीय सम्मान के अनुरूप गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन, गिरिडीह द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.जिला प्रशासन, गिरिडीह की ओर से दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिजनों, शुभचिंतकों एवं समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की जाती है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
जिला प्रशासन द्वारा राजकीय शोक एवं अंत्येष्टि से संबंधित राज्य सरकार के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है.




