जमशेदपुर : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) की इंटरनल ऑडिट पार्टी के सीनियर अकाउंटेंट सोनू कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी अधिकारी को बिहार की राजधानी पटना से उस वक्त दबोचा गया, जब वह 14 हजार रुपये की पहली किश्त वसूल रहा था. सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया बागान पारा निवासी और 106 रैफ सीआरपीएफ में तैनात हवलदार राकेश कुमार सिंह ने सीबीआइ से इस संबंध में शिकायत की थी. 106 रैफ में चल रही इंटरनल ऑडिट के दौरान सीनियर अकाउंटेंट सोनू कुमार ने हवलदार को 1.99 लाख रुपये के हाउस रेंट अलाउंस (एचआरए) का अतिरिक्त भुगतान होने और उसकी पूरी वसूली का डर दिखाया. इस रिकवरी को दबाने और ऑडिट रिपोर्ट में शामिल न करने के एवज में आरोपी ने 50 हजार रुपये की मांग की थी. (नीचे भी पढ़ें)

शिकायत मिलने पर सीबीआइ रांची के सब-इंस्पेक्टर विमल सिंह ने मामले की गोपनीय जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए. बातचीत के दौरान सौदा 40 हजार रुपये में तय हुआ. इसके बाद 16 सितंबर को सीबीआइ ने सोनू कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. आरोपी ने रिश्वत की राशि लेने के लिए हवलदार को पटना बुलाया था. सीबीआई के डीएसपी कुलदीप के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को 14 हजार रुपये की पहली किश्त लेते ही दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपी को रांची लाकर विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जा रहा है. सीबीआई अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस खेल में अन्य अधिकारी भी शामिल हैं या नहीं.




