तेलंगाना: तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में राजीव गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई में सोमवार देर रात आग लगने से 3 नवजात शिशुओं की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, एसएनसीसीयू में आग एयर कंडीशनिंग यूनिट में विस्फोट के बाद लगी. घटना के समय यूनिट में 27 नवजात शिशुओं का इलाज चल रहा था.हादसे के बाद बाकी 20 नवजात शिशुओं को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. जबकि चार अन्य की हालत स्थिर होने के बाद उनके माता-पिता उन्हें घर ले गए. डॉक्टर सभी नवजातों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रहे हैं.पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि किसी तकनीकी खराबी के कारण एयर कंडीशनर में विस्फोट होने की आशंका है. (नीचे भी पढ़े)
हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती नवजातों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है. साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं.







