जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने विभिन्न प्रखंडों का दौरा कर आगामी 26 सितंबर को रांची में आयोजित विशाल धरना-प्रदर्शन को लेकर रणनीतिक बैठकें कीं. इस दौरान उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसजनों एवं आम जनता से रांची पहुंचने का आह्वान किया. अभियान के तहत श्री सिंह ने जमशेदपुर ग्रामीण, पोटका, बोड़ाम और पटमदा प्रखंडों का दौरा किया। इन दौरों के दौरान उन्होंने प्रखंड एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर केंद्र सरकार द्वारा लाए गए एमएमडीआर (खान एवं खनिज) संशोधन विधेयक के विरोध में आयोजित कार्यक्रम की तैयारियों और जनभागीदारी की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा. एमएमडीआर संशोधन विधेयक के दूरगामी परिणाम आम जनता और स्थानीय संसाधनों के खिलाफ हैं, जिसके विरोध में पूरे प्रदेश से लोग रांची जुटेंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 26 सितंबर – रांची चलो का नारा दिया और सभी पंचायतों से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठकों में प्रखंड अध्यक्षों समेत कई वरीय कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे.




