जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत खेड़ाकांड निवासी बबिता तुरी (24) ने रविवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले गये. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जायेगा. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा.(नीचे भी पढ़े)
परिजनों के अनुसार बबिता की शादी हो चुकी थी और उसके तीन छोटे बच्चे हैं. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. पति ने पुलिस को बताया कि बबिता की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था. हालांकि,आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.पुलिस ने घटना को लेकर परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.















