जमशेदपुर : भारतीय नौसेना द्वारा वेटरन सेलर्स फोरम की 16वीं जीसीएम एवं एजीएम का आयोजन पूर्वी नौसेना कमान, विशाखापत्तनम में किया गया. इस आमसभा में देश के सभी राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ नौसेना के विभिन्न कल्याणकारी विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए. इस अवसर पर वेटरन सुशील कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय सेना अपने सेवानिवृत्त सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के कल्याण और देखभाल के लिए जिस तरह प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती है, वह सराहनीय है. यही भावना सैनिकों को प्रेरित करती है कि वे अपनी वीरता, साहस और समर्पण से देश की सीमाओं की सुरक्षा 24 घंटे, 365 दिन करते रहें. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि नौसेना से सेवानिवृत्त होने के 18 वर्षों बाद पहली बार इतने समृद्ध और संगठित फोरम से जुड़ने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. वेटरन सेलर्स फोरम पूर्व नौसैनिकों के लिए सैनिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक बेहतर मंच साबित हो सकता है. सुशील कुमार सिंह ने देश के सभी पूर्व नौसैनिकों से इस फोरम से जुड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में पूर्व नौसैनिकों को वेटरन सेलर्स फोरम से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पूर्व नौसैनिक नौसेना की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें.





