जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो मेयर सुधा गुप्ता ने जमशेदपुर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का उदघाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया. इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर समस्त राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति, शांति एवं खुशहाली की कामना की. उदघाटन के अवसर पर पूजा कमिटी के सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. मां दुर्गा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच पूर्व मंत्री एवं मानगो मेयर ने पूजा पंडालों में माता रानी के दर्शन किए तथा क्षेत्रवासियों के साथ इस पावन पर्व की खुशियां साझा कीं. इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है. हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूरे शहर में दुर्गा पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है. मां दुर्गा की आराधना हमें सत्य, धर्म, साहस और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा सभी के जीवन में सदैव बनी रहे और समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव तथा आपसी सहयोग की भावना मजबूत हो. पूर्व मंत्री ने पूजा समितियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के आयोजन में समिति के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं का सामूहिक योगदान सराहनीय है. सभी के सहयोग और समर्पण से यह पर्व भव्यता एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाता है. उन्होंने कामना की कि मां दुर्गा के आशीर्वाद से झारखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े तथा प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो. अंत में उन्होंने समस्त जमशेदपुरवासियों एवं झारखंडवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता प्रदान करने की प्रार्थना की.





