जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 29 की पार्षद परवीन बानो गुरुवार को वार्ड की विभिन्न समस्याओं को लेकर मानगो नगर निगम कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने निगम के समक्ष इलाके में व्याप्त समस्याओं को रखते हुए जल्द समाधान की मांग की. पार्षद ने शिकायत की कि वार्ड में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है. मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, जबकि नियमित रूप से फॉगिंग भी नहीं कराई जा रही है. इसके अलावा, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है. उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने और जरूरत के अनुसार नई लाइटें लगाने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
परवीन बानो ने ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-2 वेस्ट में नाली का पानी ओवरफ्लो होकर मस्जिद तक पहुंचने की समस्या को भी उठाया. उन्होंने संबंधित नाली की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की. इसके साथ ही रोड नंबर-15 पर स्पीड ब्रेकर बनाने तथा आरके मेडिकल के पास नाले में बैरिकेडिंग कराने की मांग भी निगम के समक्ष रखी. पार्षद परवीन बानो ने इन सभी समस्याओं को लेकर नगर निगम में आवेदन सौंपा और जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि वार्ड की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वह वार्ड की जनता के साथ मिलकर नगर निगम के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगी.





