रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र में सीएससी संचालक से 25 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और परिवार सहित जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. शनिवार को एसडीपीओ डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुलसाई निवासी सन्नी कुजूर उर्फ रौशन एक्का (39) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, सीएससी संचालक गोविन्द मुंडरी को 15 अक्टूबर को अज्ञात नंबर से फोन कर चार घंटे के भीतर 25 हजार रुपये देने की मांग की गई थी. रकम नहीं देने पर संचालक और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद दोबारा फोन कर 24 घंटे के भीतर हत्या करने की धमकी दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित की शिकायत पर 16 अक्टूबर को बंदगांव थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ की निगरानी में गठित टीम ने छापामारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मुफस्सिल थाना में पहले से दो मामले दर्ज हैं. उसे शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. छापामार दल में थाना प्रभारी पवन कुमार चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक धीरेंद्र देव मनीषी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.





