खूंटी : खूंटी जिले स्थित आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रधानाचार्य सह संत मिखाइल महागिरजाघर से जुड़े फादर बेनेडिक्ट बारला को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी है. हमले में गंभीर रूप से घायल फादर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है. फादर बेनेडिक्ट बारला बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे स्कूल परिसर में खून से लथपथ हालत में फर्श पर गिरे पाए गए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह रात में विद्यालय के कार्यालय में मौजूद थे. उन पर हमला रात में हुआ या यह वारदात सुबह अंजाम दी गई, यह साफ नहीं हो पाया है. (नीचे भी पढ़ें)
फादर बारला को तत्काल खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उनको रांची के लिए रेफर कर दिया. बाद में उन्हें रांची के पल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद खूंटी के पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
खूंटी पुलिस टीम ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाई. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हमले के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच में जुट गई है. पुलिस विद्यालय के आसपास के इलाकों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. संभावना जताई जा रही है कि फुटेज से संदिग्धों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में मदद मिल सकती है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फादर बेनेडिक्ट बारला पर हमला किस वजह से किया गया और इसके पीछे किसका हाथ है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.





