गालूडीह : विजयादशमी पर बुधवार को गालूडीह में दुर्गापूजा की रौनक के बीच मां दुर्गा की विदाई की हुई. पूजा पंडालों में सुहागिनों ने सिंदूर खेला की परंपरा निभाई. महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित करने के बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और परिवार की सुख-समृद्धि व अखंड सौभाग्य की कामना की. सिंदूर खेला के बाद गाजे-बाजे के साथ प्रतिमा विसर्जन जुलूस निकाला गया. मां दुर्गा के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां से अगलने वर्ष फिर आने की याचना करते हुए मां को विदाई दी. विसर्जन जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गालूडीह थाना प्रभारी अंकु कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा. पुलिस कर्मी पूरे जुलूस के दौरान सतर्क रहे. शांतिपूर्ण माहौल में विसर्जन के साथ दुर्गापूजा उत्सव संपन्न हुआ.





