जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला पूरे उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम के साथ जारी है. इस दौरान शहर के साकची गोलचक्कर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. मां दुर्गा के दर्शन और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए लोग पूरे परिवार के साथ साकची गोलचक्कर पहुंच रहे हैं. चारों ओर भक्तिमय माहौल के बीच मां के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

इसी क्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो साकची गोलचक्कर पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और मां दुर्गा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया. इस अवसर पर उन्होंने देश में सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो सपना देखा है, वह अब साकार होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है और आज पूरी दुनिया भारत की बढ़ती ताकत, क्षमता और भूमिका को स्वीकार कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने देश और दुनिया में शांति कायम रहने की कामना करते हुए कहा कि सभी लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे. मां दुर्गा की कृपा से समाज में सद्भाव और भाईचारा कायम रहे तथा देश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे. (नीचे भी पढ़ें)

साकची गोलचक्कर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने दुर्गोत्सव के उल्लास और आस्था को खास बना दिया. मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के बीच पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना हुआ है.








