जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर 5 से तार कंपनी टेल्को जाने वाले मुख्य रास्ते को अवरुद्ध कर तार कंपनी द्वारा गेट लगाए जाने का बस्तीवासियों ने शुक्रवार को जोरदार विरोध किया. बस्ती के समाजसेवी रवि सिंह चंदेल के नेतृत्व में सैकड़ों पुरुष-महिला मौके पर पहुंचे और कंपनी के इस फैसले का विरोध जताया. इस दौरान काम करने वाले मजदूरों का बस्तीवासियों ने रास्ता रोक दिया. बस्तीवासियों का कहना था कि यह रास्ता वर्षों पुराना है और बस्ती के लोगों के आने-जाने का मुख्य मार्ग है. यहां गेट लगने से लोगों को भारी परेशानी होगी. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर पहुंचे रवि सिंह चंदेल ने कंपनी प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए अल्टीमेटम दिया कि किसी भी सूरत में यहां गेट नहीं लगना चाहिए. विरोध को देखते हुए अंततः टाटा कंपनी प्रबंधन को पीछे हटना पड़ा और इस बात पर सहमति बनी कि उक्त स्थल पर गेट नहीं लगाया जाएगा. रवि सिंह चंदेल ने बताया कि चहारदीवारी समेत अन्य निर्माण कार्य को लेकर आगे की रणनीति बस्तीवासियों की समिति बनाकर, सभी की सहमति से तय की जाएगी. वहीं गेट लगाने का फैसला टल गया है. इस दौरान बस्ती के सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे. सभी ने एक स्वर में कहा कि बस्ती के हित से समझौता नहीं होने देंगे.





