चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्राशाली ओपी क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. महिला का शव उसके ही घर के अंदर जमीन में दफन मिला. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान गुरुवारी हांसदा के रूप में की गई है. मामले में महिला के पति पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है. हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, गुरुवारी हांसदा पिछले दो-तीन दिनों से पड़ोसियों को दिखाई नहीं दे रही थीं. इसके बाद उनकी बेटी नागेश्वरी गगराई को इसकी जानकारी मिली. रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ करने पर भी जब मां का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन गांव पहुंचे. वहां महिला के घर पर ताला लगा हुआ था. ताला खोलकर घर के अंदर जाने पर जमीन में दफन शव होने का पता चला. (नीचे भी पढ़ें)
मृतका की बेटी नागेश्वरी गगराई ने अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसके मुताबिक, पिता नियमित रूप से कोई काम नहीं करते थे और घरेलू खर्च तथा खानपान से जुड़े विवादों को लेकर अक्सर मां के साथ मारपीट करते थे. परिवार के अन्य सदस्यों के घर पर मौजूद नहीं होने के कारण घटना का पता समय पर नहीं चल सका. (नीचे भी पढ़ें)
बताया गया है कि गुरुवारी हांसदा की सभी बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि उसका बेटा रोजगार के सिलसिले में चेन्नई में रहता है. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग बेटे के लौटने का इंतजार कर रहे हैं. मामले की सूचना मिलने पर पांड्राशाली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, शव को घर के अंदर किसने दफनाया और इस मामले में पति की क्या भूमिका है, इन सवालों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है.





