जमशेदपुर : भारत मौसम विज्ञान केंद्र झारखण्ड राँची के पूर्वानुमान के द्वारा झारखण्ड के विभिन्न जिलों में चक्रवात ‘अर्णव’ एवं भारी बारिश की चेतावनी देते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गयी है. विदित हो कि पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) को ऑरेंज जोन की श्रेणी में चिह्नित करते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना व्यक्त किया गया है. (नीचे भी पढ़े)
उक्त तथ्यों के आलोक में आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा–34 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) अंतर्गत संचालित सभी कोटि के सरकारी एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालयों में प्रवेश वर्ग से वर्ग 12 तक की कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य 28 और 29 अक्तूबर को स्थगित रहेंगे. यदि निजी विद्यालयों में पूर्व से परीक्षा निर्धारित हो तो विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर से स्वयं निर्णय ले सकते हैं. सभी कोटि के सरकारी एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक/शिक्षिका विद्यालय में उपस्थित होकर गैर शैक्षणिक कार्यों का संपादन करेंगे.












