जमशेदपुर : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन दिनांक 01 नवंबर रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में दो पालियों में किया जाएगा। उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08) की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 09:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी. वहीं, प्राथमिक स्तर (कक्षा 01 से 05) की परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 02:00 बजे से 04:30 बजे तक होगी. परीक्षा के सफल संचालन को लेकर रविन्द्र भवन में प्रतिनियुक्त जोनल दण्डाधिकारी, पेट्रोलिंग दण्डाधिकारी, स्टेटिक दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सभी केन्द्राधीक्षक की ब्रीफिंग आयोजित की गई. उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित दायित्वों का गंभीरता एवं तत्परता से निर्वहन करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह है. परीक्षा का सफल संचालन प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. इसके लिए परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ-साथ शहर में सुगम यातायात, परीक्षार्थियों के आवागमन एवं विधि-व्यवस्था संधारण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों एवं निर्धारित कार्यक्षेत्र की स्पष्ट जानकारी रखें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, कतार प्रबंधन, सुरक्षा जांच एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं इस प्रकार सुनिश्चित की जाएं कि अनावश्यक भीड़ अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो. परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए. उपायुक्त ने कहा कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षित एवं समयबद्ध आपूर्ति अत्यंत महत्वपूर्ण है. जिला मुख्यालय से बाहर स्थित 12 परीक्षा केन्द्रों सहित सभी केन्द्रों तक प्रश्नपत्र निर्धारित समय पर पहुंचाने के लिए संबंधित पदाधिकारी पूर्व से समुचित समन्वय एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें. प्रश्नपत्रों के परिवहन एवं वितरण के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन किया जाए, ताकि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनी रहे. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, तकनीकी बाधा, यातायात संबंधी परेशानी अथवा विधि-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष एवं संबंधित वरीय पदाधिकारियों को दी जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखते हुए सभी संबंधित पदाधिकारी निरंतर संपर्क में रहें. साथ ही, सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं परीक्षा से संबंधित संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. परीक्षा केन्द्रों पर प्रतिबंधित सामग्री, मोबाइल फोन एवं अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सख्ती से रोक लगाई जाए. (नीचे भी पढ़ें)

सभी केन्द्रों पर सुरक्षा जांच सुनिश्चित करते हुए परीक्षा संचालन से संबंधित निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन कराया जाए. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने कहा कि परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संचालन के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता तैयारियां की गई हैं. आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं बल अपने निर्धारित स्थलों पर समय से पहुंचकर दायित्वों का निर्वहन करेंगे. उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की समुचित तलाशी, प्रवेश के दौरान कतारबद्ध व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड सहित प्रमुख आवागमन स्थलों पर संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए आवश्यक पुलिस व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों तथा आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी नहीं हो. वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे. संवेदनशील स्थलों एवं परीक्षा केन्द्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाएगी. किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि अथवा विधि-व्यवस्था की समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. ब्रीफिंग के दौरान सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना सुनिश्चित करें. इस दौरान एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, एसडीएम घाटशिला, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे.















