जमशेदपुर : जनसंघ काल से भाजपा को सींचने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया. बुधवार को अपने भालुबासा स्थित आवास से एक कार्यक्रम में भाग लेने निकलने के दौरान असहज महसूस होने पर उन्हें स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया. वहां से बेहतर इलाज हेतु टेल्को टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाते समय उनका निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे. वे हमेशा पार्टी के विस्तार और विचारधारा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रहे. बुधवार को उनके निधन की जानकारी मिलने पर भाजपा में शोक की लहर दौड़ गयी. उनके निधन पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक जताया है. इससे पहले, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने टेल्को स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल एवं भालुबासा इंद्रानगर स्थित उनके आवास जाकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया और निधन पर शोक व्यक्त किया. गुरुवार को सुबह 11:30 बजे चंद्रशेखर मिश्रा के पार्थिव शरीर को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय लाया जाएगा. जहां भाजपा कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई देंगे. चंद्रशेखर मिश्रा टाटा मोटर्स के कर्मचारी थे. उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं. कुछ वर्ष पूर्व उनके एक बेटे का निधन हो गया था, वहीं दो वर्ष पहले उनकी धर्मपत्नी का भी देहांत हो गया था. कुछ दिन पहले ही उन्होंने परिवारजनों के साथ अपना 78वां जन्मदिन मनाया था.
मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति : रघुवर चंद्रशेखर मिश्रा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जनसंघ काल से संगठन के लिए समर्पित चंद्रशेखर मिश्रा का निधन संगठन, समाज और उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है. उनका पूरा जीवन राष्ट्रवाद, संगठन और समाजसेवा को समर्पित रहा. उनकी निष्ठा, विचारधारा और संघर्ष हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे. श्री दास ने चंद्रशेखर मिश्रा के साथ अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रारंभ से ही भालुबासा से साथ मिलकर राजनीतिक कार्यों की शुरुआत की थी. राजनीतिक सफर में दोनों अब तक साथ रहे. चंद्रशेखर मिश्रा भालुबासा शीतला मंदिर और बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय रहे. वे एक ऐसे व्यक्तित्व थे, जिनमें राजनीतिक समझ, सामाजिक सरोकार और आध्यात्मिक विचारों का सुंदर संगम था. पूर्व मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि महज दो दिन पहले ही उन्होंने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी थी. उस दौरान उनसे काफी देर तक बातचीत हुई थी. शायद यह एहसास भी नहीं था कि उनसे हुई वह बातचीत आखिरी यादों में शामिल हो जाएगी. लगभग हर दिन उनसे मिलना-जुलना, संगठन की चर्चा करना और संगठन की मजबूती को लेकर चिंतित रहना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था. रघुवर दास ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा जैसे समर्पित और अनुभवी कार्यकर्ता का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता. उनकी कमी भाजपा संगठन और समाज को लंबे समय तक महसूस होगी. उन्होंने प्रभु से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की. (नीचे भी पढ़ें)
पार्टी और समाज के लिए अपूर्णीय क्षति : अर्जुन मुंडा पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने चंद्रशेखर मिश्रा के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनका जाना संगठन और समाज के लिए बड़ी क्षति है. उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा और विचारधारा के प्रचार-प्रसार में समर्पित कर दिया। उनकी सादगी, संघर्ष और संगठन क्षमता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे. प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करें. (नीचे भी पढ़ें)
मन अत्यंत व्यथित, एक दिन पहले ही हुई थी मुलाकात : सांसद सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्वी विधानसभा में मेरे सांसद प्रतिनिधि रहे चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है. कल ही पार्टी के कार्यक्रम में उनसे मुलाकात हुई थी. विश्वास नहीं हो रहा कि वह हमारी अंतिम मुलाकात थी. वे केवल राजनीतिक सहयोगी नहीं, बल्कि मेरे सुख-दुःख के साथी और परिवार के एक मजबूत स्तंभ थे. उनका निधन भाजपा परिवार के साथ-साथ मेरी व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति है. उनकी सादगी, निष्ठा, आत्मीयता और संगठन के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा. प्रभु दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. (नीचे भी पढ़ें)
हमने अपना अभिभावक खो दिया, यह दुखद घटना है : पूर्णिमा साहू
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता एवं अभिभावक चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन से मन अत्यंत दुखी और व्यथित है. वर्षों से उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलता रहा. उनका यूं अचानक चले जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है. एक अभिभावक के रूप में उनकी कमी सदैव खलेगी. इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं. प्रभु दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. पार्टी ने समर्पित कार्यकर्ता को खोया : संजीव सिन्हाभाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने चंद्रशेखर मिश्रा के निधन को बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि उनका यूं चले जाना भाजपा परिवार और पूरे समाज के लिए एक बड़ी क्षति है. वे एक कुशल संगठनकर्ता, संघर्षशील और कर्मठ नेता थे. मंगलवार को ही संगठन की बैठक में उनसे मुलाकात हुई थी, जहां उन्होंने अपने विचार भी रखे थे. 78 वर्ष की आयु होने के बावजूद संगठन की प्रत्येक बैठक एवं कार्यक्रम में उनकी नियमित उपस्थिति, सक्रियता और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायी रहेंगे. आज भी वे एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे. उनका यूं अचानक हम सभी को छोड़कर चले जाना मन को गहरा आघात पहुंचाने वाला है. एक वरिष्ठ नेता एवं अभिभावक के रूप में उनका मार्गदर्शन और योगदान सदैव हमारी स्मृतियों में जीवंत रहेंगे. उनका जीवन समाज और संगठन के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है. प्रभु दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. (नीचे भी पढ़ें)
चंद्रशेखर मिश्रा का निधन जमशेदपुर के लिए अपूरणीय क्षति : सरयू राय भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा के निधन पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गहरा शोक व्यक्त किया है. अपने शोक संदेश में सरयू राय ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का महाप्रयाण एक ऐसे संत राजनेता का निधन है, जिन्हें जमशेदपुर सदैव याद रखेगा. श्री राय ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा राजनीति में अपनी विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध थे, लेकिन गुटबंदी से निस्पृह रहते थे. मतभेद होने के बावजूद मनभेद नहीं रखना उनके व्यक्तित्व की विशिष्ट पहचान थी. जमशेदपुर भाजपा में वे जिस जमात के साथ रहे, उसके लोगों की पसंद-नापसंद और आपसी मतभेदों के बावजूद उन्होंने आजीवन साथ निभाया. सरयू राय ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि जिस जमात के लोग अन्य लोगों के प्रति घोर दुर्भावना रखते थे, वह उन लोगों के साथ भी अपने मधुर संबंध बनाए रखते थे. उनका यह व्यवहार राजनीतिक जीवन में आपसी सदभाव, सहजता और मानवीय रिश्तों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. सरयू राय ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. उनका संतुलित व्यक्तित्व, वैचारिक प्रतिबद्धता और सभी के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने की विशेषता सदैव स्मरणीय रहेगी. ईश्वर पुण्यात्मा को श्री चरणों में स्थान दें.

चंद्रशेखर मिश्रा का निधन ब्राह्मण समाज के लिए अपूरणीय क्षति : अप्पू तिवारीपूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ पुरोधा चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन पर ब्राह्मण युवा शक्ति संघ के संयोजक अप्पू तिवारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का निधन केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सामाजिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है. अप्पू तिवारी ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा जी का ब्राह्मण समाज के प्रति समर्पण, निष्ठा और स्नेह अतुलनीय था. सामाजिक जीवन में उनका व्यक्तित्व सदैव निष्पक्ष, सरल, सौम्य और सर्वस्वीकार्य रहा. उन्होंने अपने व्यवहार और विचारों से समाज के हर वर्ग के लोगों के बीच सम्मान और आत्मीयता का स्थान बनाया था. उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि वे सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे. (नीचे भी पढ़ें)
चन्द्रशेखर मिश्र का निधन पार्टी के साथ साथ मेरी निजी क्षति : राजेश शुक्ल प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता और भाजपा झारखंड के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश कुमार शुक्ल ने जमशेदपुर महानगर जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष चन्द्रशेखर मिश्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उनके निधन को जमशेदपुर के राजनीतिक और सामाजिक जगत की अपूरणीय क्षति बताया है. श्री शुक्ल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्वर्गीय मिश्र व्यवहार कुशल राजनीतिक और सामाजिक नेता थे जो पार्टी के साथ साथ समाज के प्रति भी प्रतिबद्ध थे. श्री शुक्ल ने कहा कि स्वर्गीय मिश्र से उनके पारिवारिक संबंध थे, बराबर फोन कर समाचार पूछते थे, उनका अपनापन और आत्मीयता हमेशा हमारे ख्यालों में रहेंगे l उनका निधन मेरी निजी क्षति है. श्री शुक्ल नेभगवान से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया है और परिजनों के प्रति संवेदना जतायी है. (नीचे भी पढ़ें)

बाबा के आकस्मिक निधन पर दिनेश कुमार ने जताया गहरा शोक: भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे भाजपा परिवार एवं जमशेदपुर के लिए अपूरणीय क्षति बताया है. दिनेश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि बाबा चंद्रशेखर मिश्रा का इस तरह अचानक हम सभी के बीच से चले जाना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. जीवन की अनिश्चितता का इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि दो दिन पूर्व ही उन्होंने अपने परिजनों के साथ अपना जन्मदिन मनाया था और कल तक भाजपा की संगठनात्मक बैठक में सक्रिय रूप से सम्मिलित हुए थे. आज वे शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें पहले संजय नंदी के यहां ले जाया गया और फिर टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाने के क्रम में उनका निधन हो गया. इस दुःखद समाचार से पूरा भाजपा परिवार मर्माहत है. दिनेश कुमार ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं समस्त भाजपा परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. (नीचे भी पढ़ें)

अभिभावक और पार्टी ने बड़े नेता को खो दिया : अभय सिंह भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष एवं जनसंघ काल से लेकर अभी तक पार्टी की सेवा अंतिम दिनों तक करने वाले चंद्रशेखर मिश्रा अब हमारे बीच में नहीं रहे. उन्होंने अपने संपूर्ण जीवन में पार्टी की सेवा में तत्परता के साथ लगे रहे. वे कल ही जमशेदपुर महानगर की मासिक बैठक में अपने विचारों को व्यक्त करते हुए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ताओं के बीच में कम्युनिकेट बनाकर आगामी कार्यक्रम की रचना में पाने विचारों को व्यक्त किया. उनका यू पल में चले जाना हर समर्पित कार्यकर्ताओं को हतप्रभ करने वाला है जिसकी भरपाई करना बहुत ही मुश्किल है. (नीचे भी पढ़ें)
चंद्रशेखर मिश्रा का आकस्मिक निधन से स्तब्ध एवं मर्माहत : अमरप्रीत सिंह काले भाजपा झारखंड के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे व्यक्तिगत क्षति बताया है. अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का यूं अचानक हम सभी के बीच से चले जाना अत्यंत दुःखद, हृदयविदारक और अविश्वसनीय है. कल तक उनके साथ बैठकर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करना, उनका मार्गदर्शन प्राप्त करना और उनके विचारों को सुनना सहज दिनचर्या का हिस्सा था. भाजपा जमशेदपुर महानगर की बैठक में सुबह 11 बजे से दोपहर लगभग 1:45 बजे तक उनके साथ रहने का अवसर मिला था. इस दौरान उनका संबोधन, विचार और मार्गदर्शन सभी को प्राप्त हुआ था. किसे पता था कि कुछ ही समय बाद उनके निधन का ऐसा दुःखद समाचार सुनने को मिलेगा. उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा केवल भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ही नहीं, बल्कि अभिभावक स्वरूप व्यक्तित्व थे. उनका अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण, सहज व्यवहार और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध सदैव स्मरण किए जाएंगे. उनका असमय चले जाना संगठन के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा. (नीचे भी पढ़ें)

चंद्रशेखर मिश्रा के निधन से मर्माहत हूं : कुलवंत सिंह बंटी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष आदरणीय चंद्रशेखर मिश्रा के निधन पर कहा कि हमने अपने एक अभिभावक और मार्गदर्शक को खो दिया है. पार्टी के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति और कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रेरित करने का उनका भाव सदैव स्मरणीय रहेगा. उनका जीवन हमें यह संदेश देता रहेगा कि “पार्टी है, तो हम हैं. उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, जिसकी भरपाई करना कठिन है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार एवं समस्त भाजपा परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.












