जमशेदपुर : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) के पर्यवेक्षक और झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने नागालैंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एनपीसीसी) की महासचिव रोज़ी थॉम्पसन के नेतृत्व में जलुकी, पेरेन में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया को लेकर आयोजित परामर्श बैठक में भाग लिया. बैठक में पेरेन जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के अध्यक्ष नामराचांग, टेनिंग विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी डॉ. तुमदा न्यूमे, मीडिया एवं प्रचार समिति के अध्यक्ष एंड्रयू हमत्सोए, सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म समिति के अध्यक्ष कुमजिमोंग सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. बैठक में एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित हो तथा किसी भी वास्तविक एवं पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से अनुचित रूप से न छूटे. प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. बन्ना गुप्ता ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण आवश्यक है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए. उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से अपील की कि वे जागरूकता बढ़ाएं और यह सुनिश्चित करने में सहयोग करें कि प्रत्येक योग्य नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके. उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की भागीदारी और उनके मताधिकार की सुरक्षा पर निर्भर करती है इसलिए मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और पात्र मतदाताओं के अधिकारों का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए. इस अवसर पर बन्ना गुप्ता ने आगामी 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली “वोट बचाओ, देश बचाओ” रैली में शामिल होने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि मताधिकार की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और नागरिकों की आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है. उन्होंने कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मतदाता जागरूकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के प्रति जनता को जागरूक करें.












