जमशेदपुर: छठ महापर्व को लेकर मानगो नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस वर्ष 15 और 16 नवंबर को मनाए जाने वाले छठ पर्व के मद्देनजर नगर निगम ने अपने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, सड़कों की मरम्मत, रोशनी, ध्वनि विस्तारक यंत्र, चेंजिंग रूम और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की है. इस संबंध में अपर नगर आयुक्त जितेन्द्र कुमार यादव ने बुधवार को कार्यालय आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार, घाटों पर साफ-सफाई की जिम्मेदारी विभिन्न सफाई संवेदकों को सौंपी गई है. इसके साथ ही खतरनाक स्थानों को चिह्नित करने, नालों पर स्लैब लगाने, सड़कों के समतलीकरण, स्लैग एवं स्टोन डस्ट की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है. कुछ घाटों पर रात्रिकालीन सफाई की व्यवस्था भी की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
वर्कर्स कॉलेज छठ घाट, चाणक्यपुरी छठ घाट (ओल्ड पुरुलिया रोड), इंटेक वेल दाईगुट्टू, बैकुंठ नगर, वास्तु विहार, लालजी खटाल (गौड़ बस्ती), साई सूरज आश्रम, गौड़ बस्ती, अकाली छठ घाट, शांति नगर गौड़ बस्ती, लक्ष्मण नगर शंकोसाई, श्याम नगर शंकोसाई, राम नगर शंकोसाई और गोकुल नगर छठ घाट का उल्लेख है. घाटों की व्यवस्था की निगरानी के लिए कनीय अभियंता मानस सतपथी, महेश नायक, राजू टुडू, प्रदीप बेदिया, खुबलाल प्रजापति, विकास कुमार, जितेंद्र कुमार, मुकुल आनंद, उदय कुमार और अन्य संबंधित कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. पर्यवेक्षण कार्य में मो. कासिम, राजेश कुमार सिंह, प्रमोद कुमार, राज कमल, कृष्ण कुमार कांड, अनिल कुमार, कुमार अंशुमन और राकेश कुमार ठाकुर सहित अन्य कर्मियों को लगाया गया है. नगर प्रबंधक दिनेश्वर यादव, निशांत कुमार और प्रदीप कुमार को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं. सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद और चंदन कुमार को भी व्यवस्था की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
छठ घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट निरीक्षक प्रमोद पुरन और लाइट सुपरवाइजर आलोक मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है. कनीय अभियंता विपिन रंजन और सहायक अभियंता अमित आनंद को भी इस कार्य में लगाया गया है. वहीं, घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों के समतलीकरण एवं मरम्मत, स्लैग और स्टोन डस्ट की व्यवस्था तथा नालों पर स्लैब लगाने के लिए संबंधित वार्डों के सभी कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया गया है. सहायक अभियंता मयंक शेखर मिश्रा और संतोष कुमार को भी इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है. नगर निगम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई संवेदकों को अपने-अपने आवंटित कार्य समय पर पूरा करने तथा पूरी सजगता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है.












