जमशेदपुर : खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद आपको सरकारी नौकरी चाहिए तो आप रेलवे की इस भर्ती में अप्लाई कर सकते हैं. साउथ ईस्टर्न रेलवे ने 54 वैकेंसी के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं. इस भर्ती की खास बात यह है कि इस भर्ती में अलग-अलग खेलों के खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं. वहीं इस भर्ती में ग्रुप सी लेवल 4, लेवल 5, ग्रुप सी लेवल 2, लेवल 3 और ग्रुप डी लेवल 1 पोस्ट शामिल है. भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलेगी. ऐसे में उम्मीदवार रेलवे की ऑफिशियल वेबसाइट www.rrcser.co.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
10वीं से लेकर स्नातक तक के खिलाड़ी कर सकते है आवेदन : अभ्यर्थियों की उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए. अधिसूचना में उम्र में छूट का प्रावधान नहीं है. चयन में खेल उपलब्धियों के लिए 50 अंक, ट्रायल के दौरान खेल कौशल, शारीरिक फिटनेस और कोच के आकलन के लिए 40 अंक और शैक्षणिक योग्यता के लिए 10 अंक निर्धारित हैं. ट्रायल में न्यूनतम 25 अंक हासिल करना जरूरी है. कुल न्यूनतम अर्हता लेवल-4/5 के लिए 70, लेवल-2/3 के लिए 65 और लेवल-1 के लिए 60 अंक है. खेल उपलब्धि के प्रमाणपत्र 1 अप्रैल 2024 या उसके बाद संपन्न प्रतियोगिताओं के होने चाहिए.
आवेदन शुल्क : सामान्य और ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये है. एससी, एसटी, पूर्व सैनिक, दिव्यांग, महिला, अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये है. ट्रायल में शामिल होने वाले पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार शुल्क का हिस्सा वापस किया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थी दक्षिण पूर्व रेलवे की वेबसाइट www.rrcser.co.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. ट्रायल की तारीख और स्थान की जानकारी बाद में वेबसाइट पर दी जाएगी.












