जमशेदपुर : जमशेदपुर जिले के सभी मतदाताओं से अपील की जाती है कि सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित हो रहे भ्रामक संदेशों से सतर्क रहें. वर्तमान में कुछ लोगों को ई-मेल, व्हाट्सएप अथवा अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से “योर नेम हैस बीन रेमोवेद फ्रॉम द ड्राफ्ट वोटर लिस्ट ” (आपका नाम प्रारूप मतदाता सूची से हटा दिया गया है) जैसे संदेश भेजे जा रहे हैं. ऐसे संदेशों के साथ यदि किसी प्रकार का लिंक दिया गया हो तो उस पर बिल्कुल क्लिक नहीं करें. यह साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को भ्रमित कर उनकी निजी एवं संवेदनशील जानकारी हासिल करने अथवा आर्थिक ठगी करने का प्रयास हो सकता है. जमशेदपुर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि पूर्वी सिंहभूम जिले की निर्वाचन शाखा अथवा राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से मतदाताओं को इस प्रकार का कोई संदेश नहीं भेजा जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इसलिए इस तरह के संदेशों को आधिकारिक सूचना मानकर घबराएं नहीं और न ही किसी अनजान लिंक के माध्यम से अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा करें. उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ अथवा संबंधित निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) के कार्यालय से ही संपर्क करें. किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए केवल अधिकृत सरकारी माध्यमों पर ही भरोसा करें. उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि ऐसे संदिग्ध संदेशों को आगे प्रसारित न करें, परिवार के सदस्यों एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें. सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है.















