चाकुलिया: मारवाड़ी युवा मंच चाकुलिया संकल्प शाखा द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली के पावन अवसर पर सामूहिक रूप से मिठाई एवं नमकीन बनाने की व्यवस्था की गई है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को अपने ही शहर में शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाई और नमकीन उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना है. मंच की ओर से स्पष्ट किया गया कि यह किसी प्रकार का व्यावसायिक बिक्री कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक सेवा की पहल है. इसके माध्यम से स्थानीय नागरिकों को शुद्ध मिठाई एवं नमकीन उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और आपसी सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है. इस वर्ष मिठाई एवं नमकीन निर्माण कार्य 31 अक्टूबर से प्रारंभ होगा. (नीचे भी पढ़े)
इसी शुभ अवसर पर आज धर्मशाला में विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भट्टी पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ.मौके पर मंच के विवेक लोधा, अमित अग्रवाल, विकास अग्रवाल, माधव रुंगटा, अमितेश रोंगटा, शाखा अध्यक्ष सुमित शर्मा और संस्थापक अध्यक्ष विवेकानंद लोधा समेत मंच के अन्य सदस्य उपस्थित थे. मंच के सदस्यों ने बताया कि दीपावली के अवसर पर स्थानीय लोगों को शुद्धता एवं गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए मिठाई और नमकीन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है. इसके लिए कारीगरों द्वारा सामूहिक रूप से मिठाइयों एवं नमकीन का निर्माण किया जाएगा. मंच की ओर से सभी नगरवासियों से इस सामाजिक पहल में सहयोग करने एवं अधिक से अधिक सहभागिता निभाने की अपील की है.












