जमशेदपुर : चेन्नई में इंडस्ट्रियल ऑल – यूनियन टू यूनियन इंडिया एमएनसी एवं सप्लाई चेन प्रोजेक्ट के तहत आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई. भारत में मैकेनिकल इंजीनियरिंग सेक्टर यूनियनों के लिए ट्रेड यूनियन शक्ति का निर्माण विषय पर आधारित इस कार्यशाला में देश भर के औद्योगिक प्रतिष्ठानों से आए ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. 30 और 31 अक्टूबर को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यशाला में इंडस्ट्रियल ऑल के साउथ एशिया रीजनल ऑफिस से क्षेत्रीय अधिकारी आशुतोष, कार्यक्रम समन्वयक अनीशा और श्री राजा विशेष रूप से शामिल हुए. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा आइएनएसएमएमएस व इइएफ के महासचिव रघुनाथ पांडेय और श्री त्यागी ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. कार्यशाला में टाटा समूह की विभिन्न यूनियनों के साथ-साथ पुणे, दिल्ली, मुंबई और देश के अन्य प्रमुख औद्योगिक शहरों से आए ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. कार्यशाला के दौरान वर्तमान औद्योगिक बदलावों और श्रमिकों के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया गया, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे, जिसके तहत ऑटोमेशन और डिजिटलीकरण का प्रभाव, कार्यस्थल सुरक्षा और रोजगार स्वरूप में बदलाव, संविदा श्रमिकों की समस्याएं और उनके अधिकार, महिला एवं युवा श्रमिकों को संगठित करना और तकनीकी विकास, कौशल उन्नयन और सप्लाई चेन में श्रमिक अधिकार शामिल रहा. कार्यशाला के दौरान सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में इस बात पर जोर दिया कि बदलते औद्योगिक परिवेश में ट्रेड यूनियनों का मजबूत होना बेहद जरूरी है. चर्चा का मुख्य उद्देश्य मैकेनिकल इंजीनियरिंग क्षेत्र में यूनियनों की सामूहिक ताकत को बढ़ाना और भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों से निपटने के लिए एक प्रभावी व ठोस रणनीति तैयार करना था, ताकि श्रमिकों के अधिकारों की पुख्ता रक्षा की जा सके.












