सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड के बानसा लाकड़ागाढ़ा गांव में बुधवार शाम जंगली हाथियों के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान संजय महतो के रूप में हुई है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टीएमएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. जानकारी के अनुसार, इलाके में इन दिनों 17 जंगली हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है. बुधवार शाम करीब सात बजे झुंड से अलग चार हाथी खेतों में पहुंच गए और धान की फसल को नुकसान पहुंचाने लगे. अपनी मेहनत से तैयार फसल को बचाने के लिए संजय महतो हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान एक हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया. हमले में संजय महतो गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. गांव के झामुमो नेता पशुपति महतो और अन्य ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय विधायक सविता महतो को दी. सूचना मिलते ही विधायक ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. विधायक की पहल पर वन विभाग की टीम ने घायल संजय महतो को रेस्क्यू कर जमशेदपुर पहुंचाया. यहां विधायक के आप्त सचिव काबलू महतो ने उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया. इस दौरान वनरक्षी मुन्ना सोरेन भी अस्पताल में मौजूद रहे। फिलहाल संजय महतो का इलाज जारी है.












