जमशेदपुर : दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व सिर पर हैं, लेकिन जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के कदमा और सोनारी इलाके में सफाई व्यवस्था की बदहाली चिंताजनक है. दोनों क्षेत्रों में 150 सफाईकर्मी आवंटित हैं, लेकिन बुधवार को उपस्थिति रजिस्टर में महज 104 के हस्ताक्षर मिले. नालियों की सफाई के लिए सिर्फ 14 कर्मचारी उपलब्ध हैं. कचरा ढुलाई के लिए प्रत्येक क्षेत्र में एक-एक ट्रैक्टर है, जबकि सफाई के लिए उपलब्ध कराए गए. छह नए टोटो कदमा डिपो में खड़े होकर कपड़े सुखाने के काम आ रहे हैं. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर एनडीए कार्यकर्ताओं और जनसुविधा प्रतिनिधियों की टीम ने बुधवार को कदमा और सोनारी स्थित जेएनएसी के सफाई डिपो का निरीक्षण किया. (नीचे भी पढ़ें)

जांच में सोनारी में आवंटित 60 सफाईकर्मियों में केवल 42 और कदमा में 90 में से महज 62 के हस्ताक्षर मिले। टीम के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से दोनों क्षेत्रों में आवंटित मानव बल के अनुपात में 60 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज नहीं हुई है. उपलब्ध कर्मचारियों में कदमा में 30 महिलाएं सड़क सफाई में, 18 डोर-टू-डोर कचरा संग्रह में, चार ट्रैक्टर और दो छोटा हाथी के साथ तैनात हैं. नालियों की सफाई के लिए महज आठ कर्मचारी बचते हैं. सोनारी में 16 महिलाएं सड़क सफाई, 14 कर्मचारी डोर-टू-डोर कचरा संग्रह, चार ट्रैक्टर और दो छोटा हाथी के साथ लगाए गए हैं. यहां नालियों की सफाई का जिम्मा केवल छह कर्मचारियों पर है. कचरा ढुलाई के लिए दोनों क्षेत्रों में एक-एक ट्रैक्टर है, जो प्रतिदिन केवल एक चक्कर लगाता है. सुपरवाइजर के अनुसार, ठेकेदार एक ट्रिप के डीजल का ही भुगतान करता है. निरीक्षण में सफाईकर्मियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों का अभाव भी मिला. हैरानी की बात यह रही कि दोनों क्षेत्रों के सिटी मैनेजर टेंडर के तहत आवंटित मानव बल की वास्तविक संख्या नहीं बता सके. निरीक्षण टीम को बताया गया कि सफाईकर्मी सुबह नौ बजे आते हैं और दोपहर एक बजे तक उन्हें छुट्टी दे दी जाती है. टीम ने बताया कि दीपावली और छठ के लिए भी कोई विशेष सफाई योजना तैयार नहीं की गई है. निरीक्षण की जानकारी विधायक सरयू राय को दी गई. जनसुविधा प्रतिनिधियों और एनडीए कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि पर्वों से पहले समुचित सफाई नहीं हुई तो पूजा के बाद कदमा और सोनारी का कचरा उठाकर जेएनएसी कार्यालय में फेंका जाएगा. इसकी जिम्मेदारी जेएनएसी प्रशासन की होगी. (नीचे भी पढ़ें)
निरीक्षण टीम में जनसुविधा प्रतिनिधि (स्वास्थ्य) नीरज सिंह, तारक मुखर्जी, चुन्नू भूमिज, भीम सिंह, शेषनाथ पाठक, राकेश सिंह, विनोद सिंह, उषा यादव, केपी सिंह, अजीत कुमार, संजीव सिंह, अजय कुमार, कुंअर अतुल सिंह, बलराम धीवर, शंकर रॉय, रंजीत प्रसाद और रंजीत आईच सहित अन्य लोग शामिल थे.












