जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट की अधीकृत यूनियन टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में टाटा मोटर्स के वीपी कॉमर्शियल व्हीकल ऑपरेशंस विशाल बादशाह एवं प्लांट हेड अनुराग छारिया पहुंचे. उनका यहां पहुंचने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया. इस अवसर पर एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया. स्वागत भाषण देते हुए महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि वीपी विशाल बादशाह का यूनियन कार्यालय में आगमन हम सभी के लिए सुखद एवं यादगार क्षण है. उन्होंने पूरी यूनियन की ओर से उनका हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए सुझावों एवं मार्गदर्शन पर अमल करने के लिए यूनियन सदैव तत्पर रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)
प्लांट हेड अनुराग छारिया ने उपस्थित सभी लोगों को दीपावली सहित आने वाले पर्व-त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. अपने संबोधन में वीपी विशाल बादशाह ने कहा कि कंपनी के उत्पादन में वृद्धि हुई है. उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा (सेफ्टी) एवं गुणवत्ता (क्वालिटी) पर विशेष ध्यान देने की अपील की. साथ ही उन्होंने क्रेटोस गाड़ियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कंपनी के इकोसिस्टम को और अधिक मजबूत एवं बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि कंपनी एवं समाज के हित में होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सभी की सहभागिता बढ़नी चाहिए. कार्यक्रम का सफल संचालन अशोक उपाध्याय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा द्वारा किया गया. स्वागत कार्यक्रम से पूर्व वीपी विशाल बादशाह एवं प्लांट हेड अनुराग छारिया ने यूनियन परिसर में स्थापित जेएन टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए.












