जमशेदपुर : दीपावली, काली पूजा और छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को देखते हुए जुगसलाई नगर परिषद ने शहर में साफ-सफाई, रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. इसी क्रम में जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, कचरे के उचित निस्तारण, पूजा स्थलों और छठ घाटों की तैयारियों सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि त्योहारों के दौरान नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर परिषद के सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करेंगे. बैठक में विशेष रूप से सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र में जहां भी कचरा जमा है, उसे जल्द से जल्द उठाकर निर्धारित स्थान पर पहुंचाना सुनिश्चित करें. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि त्योहारों के दौरान शहर में कहीं भी गंदगी दिखाई न दे. शहर की सभी प्रमुख सड़कों, गली-मोहल्लों, धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों और छठ घाटों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. इसके अलावा नालियों की सफाई, जमा कचरे का समय पर उठाव और सफाई से जुड़े अन्य जरूरी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया. अध्यक्ष नौशीन खान ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिकों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी कार्यों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और आवश्यक व्यवस्थाओं की समय-समय पर समीक्षा करने का भी निर्देश दिया.












