जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित आइटीआइ में आइटीआइ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए विशेष रोजगार मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा किया गया. रोजगार मेला में टाटा कमिंस, युवा शक्ति फाउंडेशन, मेटालसा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, रामकृष्ण फोर्जिंग, टीआरएफ लिमिटेड, टिमकेन सहित कुल 15 नियोजक शामिल हुए. रोजगार मेला में कुल 872 रिक्तियों के लिए नियोजकों द्वारा अवसर उपलब्ध कराए गए. सभी नियोजक जमशेदपुर एवं आदित्यपुर क्षेत्र के थे, जिससे चयनित अभ्यर्थियों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा. मेले में लगभग 500 आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने भाग लिया. नियोजकों द्वारा साक्षात्कार एवं कौशल आकलन के आधार पर 77 अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन किया गया, जबकि 113 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर उपायुक्त ने नियोजकों से स्थानीय युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है. साथ ही, उन्होंने युवाओं को अपने कौशल एवं तकनीकी दक्षता को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया, ताकि उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, सहायक निदेशक (नियोजन), नियोजन पदाधिकारी सहित जिले के सभी सरकारी आईटीआई के प्रभारी प्राचार्य उपस्थित रहे. जिला नियोजनालय द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेला एवं भर्ती कैंप का आयोजन किया जाता है। रोजगार के इच्छुक युवा नियोजनालय में अपना निबंधन कराकर इन अवसरों का लाभ उठा सकते हैं। वहीं, स्थानीय नियोजकों से भी अपील है कि वे सोशल सिक्योरिटी कोड के प्रावधानों के अनुरूप अपनी रिक्तियों को नियोजनालय में अनिवार्य रूप से अधिसूचित करें.












