जमशेदपुर : टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट प्रबंधन ने नए वेज कोड के प्रावधानों के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण नोटिस जारी किया है. नए नियमों के अनुसार, किसी भी कर्मचारी का देय वेतन कुल वेतन (कौशल व कटौतियों सहित) के 50 प्रतिशत से कम नहीं हो सकता है. इसके अनुपालन के तहत कर्मचारियों के वेतन से होने वाली व्यक्तिगत प्रकृति की कटौतियों को मासिक वेतन से बंद कर दिया गया है ताकि नए वेज कोड का उल्लंघन न हो. 1 दिसंबर से बंद होने वाली कटौतियों को लेकर प्रबंधन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस चरण में कई कटौतियां बंद की जा रही हैं. इसके तहत टेल्को रिक्रिएशन क्लब, एलआइसी प्रीमियम, पीपीएफ भुगतान, होम लोन की कटौती वेतन से बंद कर दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
यह व्यवस्था 1 दिसंबर से प्रभावी होगी. प्रबंधन ने जारी सरकुल रमें स्पष्ट किया है कि अब कर्मचारियों को इन भुगतानों के लिए अपने खातों से सीधे भुगतान की व्यवस्था (जैसे स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन, एनइएफटी या आरटीजीएस मैंडेट, ऑटो-डेबिट या अन्य माध्यमों से) करनी होगी. यह प्रक्रिया 1 दिसंबर से पहले सुनिश्चित करनी होगी, क्योंकि उस महीने से वेतन से कोई कटौती नहीं की जाएगी, ताकि किसी भी कर्मचारी का कोई किस्त या प्रीमियम मिस न हो. इस संबंध में किसी भी प्रकार की स्पष्टता या सुचारू रूप से इस बदलाव को अपनाने के लिए कर्मचारियों को वेजेज सेक्शन से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है. इस नोटिस की प्रति टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष और महामंत्री को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है.












