जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो स्थित पांडे ढाबा के पास गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी उनकी कार से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही कपाली ओपी के एएसआई मुन्ना राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मौके पर दोनों युवकों की गंभीर हालत देखकर पुलिस ने तत्काल मदद की पहल की. घायलों में एक मुखी बस्ती का रहने वाला लाखा मुखी है. (नीचे भी पढ़ें)

एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को अपने पेट्रोलिंग वाहन से ही एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है. पुलिस ने घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को भी दे दी है. वहीं, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार संख्या जेएच 02बीएन-3464 को जब्त कर लिया है. कार मालिक की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल दोनों घायल युवकों के नाम और उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है.












