सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले के बोलबा प्रखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो( एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए पंचायत सेवक को 15 हजार घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद बोलबा प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया. घटना के संबंध में बताया जाता है कि सिमडेगा के बोलबा प्रखंड की मालसाडा, पीडियापोंछ व कादोपानी पंचायत के पंचायत सेवक दीपक साहू को एसीबी की टीम ने कल्याण विभाग के सरना घेराबंदी से जुड़े एक मामले में कथित तौर पर 15 हजार रिश्वत लेते धर दबोचा. (नीचे भी पढ़े)
एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने पंचायत सचिव को अपने साथ रांची ले गयी, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार और आम लोगों से जुड़े कामकाज में कथित रिश्वतखोरी के मामले सामने आने लगे है. एसीबी के इस कार्रवाई से सरकारी कर्मियों में हड़कंप मची हुई है. जो कथित तौर पर काम के बदले अवैध वसूली को अपना अधिकार समझते है.












