जमशेदपुर : शहरी सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए टाटा स्टील यूआइएसएल ने बर्मामाइंस स्थित कंचन नगर में ट्रैफिक ट्रेनिंग स्कूल के सामने मौजूद खुले भूखंड को स्वच्छ, हरित एवं सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया है. स्थानीय निवासियों के लिए एक आकर्षक हरित स्थल तैयार करने के उद्देश्य से टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा यहां व्यापक सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य किए गए. परिसर की सुरक्षा और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चहारदीवारी के साथ ग्रिल फेंसिंग का निर्माण किया गया. साथ ही, लोगों की सुगम आवाजाही के लिए पेवर ब्लॉक से पाथवे विकसित किया गया. (नीचे भी पढ़े)

स्थल पर मौजूद पेड़ों एवं पौधों को संरक्षित रखते हुए उनकी जड़ों के चारों ओर कर्ब स्टोन लगाए गए, जिससे हरियाली के संरक्षण के साथ-साथ परिसर की सुंदरता भी बढ़ी. इसके अलावा, जमीन को समतल कर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया. इस पहल को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए ब्रिक सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक 2026 के तहत यहां 500 अतिरिक्त पौधों का रोपण किया गया. पौधरोपण अभियान में संस्थान की नर्सरी में तैयार किए गए बकुल, करंज, नीम, महोगनी, सागवान और बांस सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए. ये प्रजातियां कार्बन अवशोषण, मिट्टी के कटाव को रोकने और जैव विविधता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. (नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर टाटा स्टील यूआइएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर ने पौधरोपण किया. अभियान में वरिष्ठ अधिकारी एवं यूनियन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे. इस पहल के माध्यम से टाटा स्टील यूआइएसएल ने स्थानीय निवासियों को दैनिक सैर, मनोरंजन और सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक सुंदर एवं हरित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराया है. यह प्रयास सतत शहरी विकास और बेहतर जीवन गुणवत्ता के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.












