जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अचानक गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया. ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 3 स्थित बहरा मैदान के पास दो युवकों को गोली लगने की बात सामने आई है. दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है. घटना को लेकर मोहम्मद सद्दाम ने बताया कि उनकी बहन के घर पर करीब 10 से 20 युवक अचानक पहुंचे और उनके भाई की तलाश करने लगे. इसी दौरान बड़े भाई के साथ मारपीट की गई. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलने पर जब सद्दाम कपाली से वहां पहुंचे, तो युवक भागने लगे. आरोप है कि पीछा करने के दौरान चना वसीम और उसके साथ मौजूद 3 से 4 युवकों ने मस्जिद के पास फायरिंग कर दी. सद्दाम के मुताबिक, आरोपियों ने उनके भतीजे पर भी पिस्टल तान दी. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान साकिब नूर को गोली लग गई, जबकि बचाव के लिए पहुंचे परवेज भी गोली लगने से घायल हो गए. मोहम्मद सद्दाम ने चना वसीम पर आपराधिक मामले दर्ज होने और हाल ही में जेल से बाहर आने का आरोप भी लगाया है. हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में फायरिंग और घटना के अन्य पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल दो युवकों के घायल होने के बाद इलाके में तनाव और घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.












