जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह स्थित आंध्रा एसोसिएशन के पास मैदान के समीप रविवार देर रात एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या दीपावली के दौरान जलाए गए पटाखों की चिंगारी हो सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान के अंदर खड़ी एक बाइक आग की चपेट में आ गई और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई. वहीं, खबर लिखे जाने तक मकान के मालिक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी थी. कुछ स्थानीय लोगों का कहना था कि आग लगने के दौरान मकान के अंदर एक व्यक्ति मौजूद था. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, वह पीछे के दरवाजे से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा. घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा. फिलहाल आग लगने के कारणों और मकान में हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है.












