जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र की ओड़िया बस्ती में रविवार देर रात एक 26 वर्षीया महिला ने अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है. घटना के वक्त घर पर महिला के छह वर्षीय बेटे के अलावा और कोई सदस्य मौजूद नहीं था. जानकारी के अनुसार, खुशबू कुमारी अपने पति मनोज सिंह और छह साल के बेटे के साथ ओड़िया बस्ती में किराये के मकान में रहती थी. पति मनोज सिंह पेशे से चालक है और गाड़ी लेकर काम के सिलसिले में कोलकाता गया हुआ था. रविवार देर रात खुशबू ने दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली. (नीचे भी पढ़ें)

सोमवार सुबह जब पति मनोज सिंह ने फोन किया, तो उनके छह वर्षीय बेटे ने फोन उठाया. बच्चे ने पिता को बताया कि उसकी मां ने फांसी लगा ली है. इसके बाद बच्चा घर से बाहर निकला और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला के पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. टेल्को थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. परिजनों के अनुसार, दीपावली की पूजा के बाद महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.












