आदित्यपुर : सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतबोहनी जुलुमटांड़ पूजा पंडाल के समीप सोमवार देर शाम गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है. गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल सोनू को आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल के समीप जुआ खेला जा रहा था और इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है. विवाद बढ़ने के बाद गोली चली, जो सोनू को लगी. घटनास्थल पर ताश की गड्डियां बिखरी मिली हैं, जिससे पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात का संबंध जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद से था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रारंभिक तौर पर विशाल सिंह नामक युवक पर सोनू को गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है. हालांकि वारदात की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच जारी है. घटना के बाद आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई है. आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. मृतक के भाई को घटना के संबंध में जानकारी है और उससे भी घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और गोली चलाने की नौबत क्यों आई. पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. युवक की हत्या के बाद सतबोहनी और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है.












