जमशेदपुर : वैश्विक बाजार में बढ़ती चुनौतियों के बीच टाटा स्टील ने अपनी लागत घटाने और आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 तक विभिन्न उपायों से 7,140 करोड़ रुपये की बचत करने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए कच्चे माल की खरीद, अन्य खर्चों और सामान की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है. कंपनी के अद्यतन प्रस्तुतीकरण के अनुसार, उत्पादन प्रक्रिया को बेहतर बनाकर, मशीनों की विश्वसनीयता बढ़ाकर और ईंधन की खपत कम करके भी खर्च घटाया जायेगा. इसके अलावा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता और मूल्य बढ़ाने तथा आपूर्ति व्यवस्था में बेहतर तालमेल पर ध्यान दिया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
वित्तीय स्थिति की बात करें तो भारत में कंपनी का एबिटा 10,634 करोड़ रुपये रहा है. कंपनी के पास 40,076 करोड़ रुपये की मजबूत नकदी उपलब्धता है, जिसमें करीब 10,300 करोड़ रुपये नकद और नकद समकक्ष शामिल हैं. कंपनी ने 3,280 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया है. वहीं, नेट डेट टू एबिटा अनुपात 2.4 गुणा रहा है. कंपनी मुद्रा और कमोडिटी से जुड़े जोखिमों को कम करने के साथ विलय और अधिग्रहण के जरिये कारोबार को बेहतर बनाने पर भी काम कर रही है. पिछले 3, 10 और 25 वर्षों में शेयरधारकों को भी स्थिर और आकर्षक रिटर्न मिला है.












