जमशेदपुर : टाटा स्टील लिमिटेड ने अपनी सब्सिडियरी कंपनी ”क्रिएटिव पोर्ट डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड” (सीपीडीपीएल) में अपनी इक्विटी हिस्सेदारी बढ़ा ली है. कंपनी ने सीपीडीपीएल के पास मौजूद 25,10,830 ऑप्शनली कन्वर्टिबल रिडीमेबल प्रेफरेंस शेयर्स (ओसीआरपीएस) को इक्विटी शेयरों में बदल दिया है. इसके परिणामस्वरूप टाटा स्टील को 38,222 नए इक्विटी शेयर प्राप्त हुए हैं. इस कनवर्जन और अधिग्रहण के बाद, सीपीडीपीएल में टाटा स्टील की इक्विटी हिस्सेदारी 51 फीसदी से 6.5 फीसदी बढ़कर 57.5 फीसदी हो गई है. इस बढ़ोतरी के बावजूद सीपीडीपीएल टाटा स्टील की सब्सिडियरी बनी हुई है. कनवर्जन का अनुपात: प्रेफरेंस शेयरों को 100 रुपये मूल्य वाले प्रत्येक 65.69 शेयरों के बदले 10 रुपये मूल्य का 1 इक्विटी शेयर के अनुपात में बदला गया है. (नीचे भी पढ़ें)
शर्तों के अनुसार 0.41 शेयरों के फ्रैक्शनल इनटाइटलमेंट (आंशिक हकदारी) के एवज में 6,876.11 रुपये का नकद भुगतान किया गया है. कनवर्जन के बाद अब टाटा स्टील के पास सीपीडीपीएल के कुल 1,65,722 इक्विटी शेयर (57.5 फीसदी) और 1,97,00,000 प्रेफरेंस शेयर (100 फीसदी) हैं. सीपीडीपीएल अपनी सब्सिडियरी कंपनी ”सुवर्णरेखा पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड” के माध्यम से पोर्ट प्रोजेक्ट (बंदरगाह परियोजना) के विकास के कार्य में जुटी है. यह पूरा लेन-देन तय नियमों और इश्यू की शर्तों के तहत किया गया है, जिसके लिए किसी तरह की सरकारी या विनियामक मंजूरी की आवश्यकता नहीं है. कंपनी ने सेबी (लिस्टिंग ऑब्लिगेशंस एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स) रेगुलेशंस, 2015 के नियमों के तहत इसकी आधिकारिक सूचना स्टॉक एक्सचेंजों को दे दी है.












