चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई. चांडिल-पुरुलिया न्यू बायपास रोड पर रावताड़ा चौक के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान रावताड़ा निवासी अभिजीत गोराई के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, अभिजीत अपनी बाइक लेकर सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि उसे संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जाता है कि अभिजीत एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था. उसकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी. महज 26 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चांडिल-पुरुलिया न्यू बायपास रोड पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई. (नीचे भी पढ़ें)
लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि पितकी ओवरब्रिज के उद्घाटन के समय भी रावताड़ा चौक के पास सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ से की गई थी. उस दौरान एनएचएआई के माध्यम से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कराने का आश्वासन भी मिला था. इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी है.












