जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के विजया गार्डेन के पास दीपावली की देर रात मारपीट की एक घटना सामने आई है. इसमें शहर में पदस्थापित एक डीएसपी के बेटे के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की. बताया जाता है कि डीएसपी का बेटा न्यायिक दंडाधिकारी के पद पर कार्यरत है. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. जानकारी के अनुसार, दीपावली की देर रात विजया गार्डेन के समीप किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद कुछ लोगों ने डीएसपी के बेटे के साथ मारपीट कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना में उन्हें चोटें आईं. इसके बाद सोमवार को बिरसानगर थाना पहुंचकर घटना की जानकारी दी गई और मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. पुलिस की पहल पर घायल का इलाज खासमहल स्थित सदर अस्पताल में कराया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है. हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल कुछ भी बताने से इनकार किया है.












