आदित्यपुर: आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के आवास पर श्रीश्री राम मंदिर नवयुवक दुर्गा पूजा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विनय कृष्ण राजू ने की.बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष आदित्यपुर-2 के सबसे पुराने एवं प्रमुख कुलुपटांगा छठ घाट पर छठ व्रती महिलाओं की सुविधा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए 10 प्रसाधन कक्षों का निर्माण कराया जाएगा.इसके अतिरिक्त छठ घाट एवं घाट तक आने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. समिति की ओर से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क गाय के दूध तथा आम के दातुन की व्यवस्था भी की जाएगी.बैठक में छठ घाट एवं आसपास की व्यवस्थाओं को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए बताया गया कि अब तक नगर निगम की ओर से घाट की साफ-सफाई का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है. (नीचे भी पढ़े)
नदी के तल (रिवर बेड) की सफाई भी अत्यंत आवश्यक है. इसके साथ ही घाट की सीढ़ियों से लेकर राधास्वामी स्थल तक काफी मात्रा में झाड़ियां उग आई हैं, जिससे छठ महापर्व के दौरान पार्किंग एवं श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी उत्पन्न हो सकती है.इतना ही नहीं, आदित्यपुर कॉलोनी से छठ घाट को जोड़ने वाली सड़क एवं रास्ते में स्थित नालियों की साफ-सफाई भी अब तक नगर निगम द्वारा नहीं कराई गई है. इससे छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं व्रतियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है. छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समिति ने जिला प्रशासन से भी विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. इसके तहत छठ घाट पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों एवं तैराकों की तैनाती तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया है. (नीचे भी पढ़े)
समिति ने नगर निगम एवं जिला प्रशासन से निम्नलिखित व्यवस्थाएं अविलंब सुनिश्चित कराने की मांग की है. कुलुपटांगा छठ घाट की समुचित साफ-सफाई, नदी के रिवर बेड की सफाई,घाट की सीढ़ियों से राधास्वामी स्थल तक झाड़ियों की कटाई, आदित्यपुर कॉलोनी से छठ घाट तक जाने वाली सड़क की सफाई व रास्ते में स्थित नालियों की सफाई एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था का जाए. साथ ही साथ श्रद्धालुओं के आवागमन एवं पार्किंग के लिए आवश्यक व्यवस्था, छठ घाट पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों एवं तैराकों की तैनाती और घाटों पर मेडिकल टीम, प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था हल हाल में की जाए.समिति का संकल्प है कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. इसके लिए समिति अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करेगी.बैठक में मुख्य रूप से ओमप्रकाश सिंह, संतोष चौबे, नीरज सिंह, संजय, अजय पांडे, चुन्नू एवं स्वप्निल सहित अन्य लोग उपस्थित थे.












