गालूडीह: गालूडीह के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को पारंपरिक रीति-रिवाज और श्रद्धा के साथ गोहाल पूजा की गई. सोहराय पर्व के अवसर पर ग्रामीणों ने अपने गोहाल (पशुशाला) की साफ-सफाई कर गाय-बैलों की पूजा-अर्चना की. इस दौरान पशुओं को नहलाकर उनके सींगों में तेल लगाया गया तथा फूलों और अन्य पारंपरिक सामग्रियों से सजाया गया. किसानों ने अपने पशुधन की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. ग्रामीण परंपरा के अनुसार, गोहाल पूजा में पशुओं को विशेष महत्व दिया जाता है. (नीचे भी पढ़े)
किसान गाय-बैलों को परिवार का अहम हिस्सा मानते हैं. कृषि कार्य में पशुओं के योगदान के प्रति आभार प्रकट करने के लिए यह पूजा की जाती है. कई गांवों में इस अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्सव का माहौल रहा. पूजा के दौरान ग्रामीणों ने अपने पशुओं को विशेष भोजन भी कराया. घरों में पकवान बनाए गए और परिवार के सदस्यों ने मिलकर पर्व मनाया. ग्रामीण क्षेत्रों में गोहाल पूजा के आयोजन से सोहराय पर्व की पारंपरिक संस्कृति और लोक मान्यताओं की झलक देखने को मिली.












