नई दिल्ली : सीबीएसई के बोर्ड एग्जाम (2027) की डेटशीट जारी होने के बाद अब काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (आइसीएसई) की दसवीं एवं इंडियल स्कूल सर्टिफिकेट (आइएससी) की बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट भी जारी कर दी गई है. ये दोनों ही परीक्षाएं फरवरी, 2027 में आरंभ होंगी. घोषित कार्यक्रम के अनुसार दसवीं बोर्ड की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च तक चलेंगी, जबकि आइएससी की परीक्षाएं 9 फरवरी से आरंभ होकर 8 अप्रैल, 2027 तक चलेंगी. बता दें कि आइसीएसई बोर्ड जहां करीब 76 विषयों की परीक्षाएं आयोजित करेगा, वहीं आइएससी कुल 60 विषयों के लिए परीक्षाएं आयोजित करेगा. (नीचे भी पढ़ें)
वर्ष 2027 की आइसीएसई एवं आइएससी बोर्ड परीक्षाओं में कुल 379980 परीक्षार्थी शामिल होंगे. आइसीएसई की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा में जहां 3106 संबद्ध विद्यालयों के 2.7 लाख परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि आइएससी की बोर्ड परीक्षा में 1651 स्कूलों के 1.1 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे. यह परीक्षा भारत के अलावा विदेशों में स्थित 2835 परीक्षा केंद्रों में भी आयोजित की जाएगी, जिनमें आइसीएसई के लिए 2835 परीक्षा केंद्रों पर जबकि आइएससी की परीक्षाएं 1477 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि इस बार आइसीएसई ने अपने परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा के समय में बदलाव किया है. परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा. इसके तहत सुबह 10:15 बजे शुरू होनेवाली परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र पढ़ने का समय 10:00 बजे से आरंभ होगा. इसके लिए परीक्षार्थियों को सुबह 9:45 बजे तक परीक्षा कक्ष में बैठ जाना होगा. मिली जानकारी के अनुसार दोनों ही बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड दिसंबर 2026 के बीच जारी किये जाएंगे. इन परीक्षाओं के लिए जिन विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है वे सीआइएससीई की ऑफिशियल वेबसाइट से सब्जेक्ट के हिसाब से परीक्षा का डिटेल्ड टाइमटेबल डाउनलोड कर सकते हैं.












