जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर न्यू केबल टाउन छठ पूजा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष शैलेश पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में छठ महापर्व के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने का निर्णय लिया गया.बैठक में छठ घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, समुचित प्रकाश व्यवस्था और आकर्षक सजावट सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए जलपान तथा छठ व्रतियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया.(नीचे भी पढ़े)
समिति के अध्यक्ष शैलेश पांडेय ने कहा कि छठ महापर्व को सफल और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना समिति की प्राथमिकता है. व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के लिए सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएगी.बैठक में कोषाध्यक्ष मिथिलेश सिन्हा ने पिछले वर्ष के आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया. इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस वर्ष के आयोजन के लिए प्रस्तावित बजट को मंजूरी दी.बैठक में सचिव सोनू चौधरी, उपाध्यक्ष बब्बू तिवारी, निशांत कुमार, लोकेश सिंह, विकास यादव और हर्ष पांडेय सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे. अंत में सभी सदस्यों ने आपसी सहयोग से छठ महापर्व को स्वच्छ, भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने का संकल्प लिया.












